निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया: मध्य पूर्व में जारी युद्ध के तनाव के बीच पश्चिम बंगाल के नदिया जिले से सटे भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ (BSF) ने एक अफगान नागरिक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया विदेशी नागरिक अवैध रूप से सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की फिराक में था। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि आखिर यह अफगान नागरिक किस मकसद से सरहद पार कर रहा था।
हांसखाली सीमा पर दबोचा गया घुसपैठिया
बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, सोमवार की देर रात नदिया के फतेपुर सीमा चौकी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति की हलचल देखी गई। गश्त कर रहे जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसकी पहचान अलजाही मुसाफर के रूप में हुई है, जो अफगानिस्तान के निमरोज प्रांत का निवासी बताया जा रहा है। तलाशी के दौरान उसके पास से भारत या बांग्लादेश में प्रवेश के लिए कोई भी वैध दस्तावेज या पासपोर्ट बरामद नहीं हुआ है।
अदालत ने पुलिस हिरासत में भेजा
बीएसएफ ने प्राथमिक पूछताछ के बाद आरोपी को हंसखाली थाना पुलिस को सौंप दिया। मंगलवार को उसे राणाघाट उप-मंडल न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है और उसे सीमा पार कराने में किन लोगों ने मदद की। अफगानिस्तान से बांग्लादेश के रास्ते बंगाल में घुसने के इस "बैकडोर" प्रयास ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है।