मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के कई जिलों में पीएम पोषण योजना के तहत मिड-डे मील पहुंचाने की जिम्मेदारी अब इस्कॉन से जुड़ी संस्था अक्षय पात्र फाउंडेशन को सौंपी जा रही है। स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, उत्तर 24 परगना, हावड़ा, पुरुलिया और पूर्व मिदनापुर के कई इलाकों में यह काम शुरू किया जाएगा। बिधाननगर, दमदम, राजारहाट-न्यू टाउन और नंदीग्राम के स्कूलों को भी इसमें शामिल किया गया है। सरकार का मानना है कि इस विस्तार से छात्रों को बेहतर भोजन मिल सकेगा। हालांकि, अभी यह साफ नहीं किया गया है कि इन नए इलाकों में छात्रों को अलग से अंडे दिए जायेगा या नहीं। कोलकाता में शुरुआत में पूरी तरह शाकाहारी खाना परोसे जाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद सरकार ने अलग से अंडे देने की व्यवस्था अनिवार्य कर दी थी।
शिक्षक-कर्मी समिति के महासचिव ने यह कहा
बंगिया शिक्षक व शिक्षक-कर्मी समिति के महासचिव स्वपन मंडल ने बताया कि सरकार ने अभी तक कोलकाता के करीब 80% स्कूलों को इस्कॉन योजना के दायरे में नहीं लाया है, फिर भी इस कार्यक्रम को दूसरे जिलों में बढ़ाया जा रहा है। शिक्षकों का मुख्य सवाल यही है कि क्या कोलकाता की तरह इन नए जिलों में भी बच्चों को मिड-डे मील के साथ अंडे मिलेंगे या नहीं। माना जा रहा है कि नए इलाकों के स्कूलों में भी अंडे देने की व्यवस्था की जा सकती है।