नयी दिल्ली : माइक्रोसॉफ्ट की ‘आउटलुक’ ईमेल सहित विभिन्न सेवाओं में वैश्विक स्तर पर आयी व्यापक बाधा के बाद कंपनी की सभी सेवाएं शनिवार को बहाल हो गयीं। कंपनी ने सेवाएं बाधित होने से हुई परेशानी के लिए गहरा खेद भी जताया। हालांकि माइक्रोसॉफ्ट के सामने एक और मुसीबत सामने आ खड़ी हुई है। अब कंपनी ने यूजर्स को हैकर्स द्वारा चलाये जा रहे एक फिशिंग कैंपेन से आगाह किया है।
सामान्य रूप से काम कर रहीं सभी सेवाएं
माइक्रोसॉफ्ट ने सेवा स्थिति पेज पर शनिवार सुबह बताया कि माइक्रोसॉफ्ट 365 के कारोबारी और बड़ी कंपनियों के ग्राहकों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध सभी सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं। कंपनी ने कहा कि सेवाओं में बाधा तकनीकी खराबी के कारण आयी थी और इसका साइबर गतिविधियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) या AI एजेंट से कोई संबंध नहीं था। पहले नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के दौरान एक समस्या उत्पन्न हुई थी, जो हाल में नेटवर्क में किये गये बदलाव के बाद सामने आयी।
समस्या के मूल कारण को दूर कर दिया
माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि उसने समस्या के मूल कारण को दूर कर दिया है। उसने कहा कि सेवाओं की भारी मांग को देखते हुए उन्हें चरणबद्ध तरीके से बहाल किया गया। गौरतलब है कि गुरुवार देर रात शुरू हुई इस समस्या से एशिया से लेकर अमेरिका तक बड़ी संख्या में उपयोगकर्ता, कंपनियां और कुछ सरकारी कामकाज प्रभावित हुए।
हैकर्स फर्जी ईमेल और नोटिफिकेशन भेज रहे
माइक्रोसॉफ्ट अभी एक मुसीबत से निपटा था दूसरी आ खड़ी हुई है। अब कंपनी ने यूजर्स को हैकर्स द्वारा चलाये जा रहे एक फिशिंग कैंपेन के बारे में चेतावनी दी है। इसमें हैकर्स, हाल ही में हुए माइक्रोसॉफ्टआउटेज के नाम पर लोगों को धोखा दे रहे हैं और उन्हें मलिशियस लिंक पर क्लिक करने के लिए उकसा रहे हैं। माइक्रोसॉफ्ट थ्रेट इंटेलिजेंस ने एक ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया है कि हैकर्स अब माइक्रोसॉफ्ट सर्विस हेल्थ नोटिफिकेशन के नाम से लोगों को ईमेल भेजकर यह बता रहे हैं कि आउटेज के दौरान रोके गये ईमेल जल्द ही डिलीट हो सकते हैं। लेकिन असल बात यह है कि ये मैसेज माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से नहीं भेजे गये हैं, बल्कि ये आउटेज का फायदा उठाने की कोशिश हैं। हैकर्स, आउटेज की आड़ में लोगों को मलिशियस लिंक पर क्लिक करने के लिए उकसा रहे हैं ताकि उनके सिस्टम में सेंध लगायी जा सके या उन्हें अपने जाल में फंसाया जा सके।