सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी है, जिसके कारण तापमान में काफी गिरावट आई है। इससे लोगों को गर्मी से बहुत ज्यादा राहत मिली है। ऐसे में शुक्रवार की सुबह से ही आसमान में बादल व धूप ने आंख मिचौली का खेल जारी रखा। इसी दौरान मौसम विभाग ने फिर से बुरी खबर दी है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि आने वाले दिनों में तापमान में लगभग 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के सूत्रों के अनुसार फिलहाल दक्षिण बंगाल में मानसून आने की कोई संभावना नहीं है। शुक्रवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बताया जा रहा है आने वाले दिनों में कोलकाता का अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
क्या कहना है मौसम विज्ञानियों का
मौसम विज्ञानियों का मानना है कि हवा की गति और दक्षिण बंगाल का वातावरण मानसून के अनुकूल नहीं है। बताया जा रहा है कि गुरुवार यानी 12 जून तक पश्चिम बंगाल में बारिश की संभावना कम रहेगी। सप्ताहांत में कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में शुष्क और गर्म मौसम रहेगा। रविवार तक तापमान में बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है। ऐसे में एक बार फिर लोगों को गर्मी झेलनी पड़ेगी। अगले कुछ दिनों तक गर्म और असहज मौसम बना रहेगा। अगले कुछ दिनों में उत्तर बंगाल के जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरदुआर, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी इन पांच जिलों में छिटपुट बारिश की संभावना है। हालांकि, मालदह और दोनों दिनाजपुर में गर्मी और असहज मौसम रहेगा।