मानसिक रूप से बीमार सेलिमा की होगी दक्षिण 24 परगना में घर वापसी 
टॉप न्यूज़

पिता के गुजरने पर खो दिया था सुधबुध, लंबे इंतजार के बाद होगी घर वापसी

मानसिक मरीजी सेलिमा का पार्क सर्कस हो रहा था इलाज

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कृष्णनगर के कोतवाली थाने के सब इंस्पेक्टर प्रवीर हलदार ने श्मशान कालीबाड़ी के पास 19 साल की युवती को असहाय और भ्रमित स्थिति में घूमते देखा था। पूछताछ में मानसिक स्थिति ठीक न लगने पर वे उसे सुरक्षा के दृष्टिकोण से थाने ले आए। युवती का घर तलाशने और उसके परिवार की पहचान के लिए हैम रेडियो के ''वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब'' से मदद भी मांगी और आखिरकार लंबे इंतजार के बाद सुधबुध खो बैठी सेलिमा अपनों के बीच वापस लौटेगी। हैम रेडियो के सदस्य दिवस मंडल और मथुरापुर-1 के बीडीओ ने तत्परता दिखाते हुए युवती की पहचान सेलिमा मोल्ला (19) के रूप में की थी। साथ ही पता लगाया कि वह दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर-1 स्थित गुंजिरपुर की निवासी है। सूचना मिलने के बाद उसकी मां तसलीमा बेवा और बड़े भाई नाजिरुद्दीन मोल्ला से संपर्क किया जो उसे लेने कृष्णनगर पहुंचे।पिता के साये के बिना बिगड़ती गयी हालत

हैम व पुलिस के प्रयासों से अब अपनों के पास लौटेगी युवती

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, कक्षा 8 में पढ़ाई के दौरान सेलिमा के पिता का निधन हो गया था, जो एक स्थानीय बैग कारखाने में काम करते थे। पिता के निधन के बाद से ही उसकी मानसिक हालत बिगड़ने लगी। उसके तीन भाई हैं जो दिहाड़ी मजदूरी करके घर चलाते हैं। सेलिमा का इलाज पार्क सर्कस के मानसिक अस्पताल में चल रहा था, लेकिन दवाएं नियमित न लेने के कारण उसकी हालत फिर बिगड़ गई और वह घर से निकलकर ट्रेन पकड़कर कृष्णनगर पहुंच गई। जहां वह बदहवास घूम रही थी जब सब इंस्पेक्टर ने उसे देखा। वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब के सचिव अंबरीश नाग विश्वास ने बताया कि घर लौटने के बाद परिजनों ने उसका इलाज दोबारा शुरू कराने का फैसला लिया है।

SCROLL FOR NEXT