AI Generated Image 
टॉप न्यूज़

नवान्न में सीएम शुभेंदु और सुदीप की बैठक

एनडीए की बैठक से पहले तेज हुई राजनीतिक हलचल

कोलकाता : मंगलवार को होने वाली एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक से पहले सोमवार रात मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और वरिष्ठ एनसीपीआई सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय की नवान्न में हुई मुलाकात ने बंगाल की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई। हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसे लेकर दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सोमवार को उत्तर बंगाल के दौरे से लौटने के बाद सीधे कोलकाता हवाई अड्डे से नवान्न पहुंचे। इसी दौरान सुदीप बंद्योपाध्याय भी वहां पहुंचे, जिसके बाद दोनों नेताओं के बीच विस्तृत चर्चा हुई। राजनीतिक विश्लेषक इस मुलाकात को मौजूदा राष्ट्रीय राजनीतिक घटनाक्रम के संदर्भ में काफी महत्वपूर्ण मान रहे हैं।

गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस से अलग होने के बाद सुदीप बंद्योपाध्याय सहित 19 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर अपने नए दल एनसीपीआई को लोकसभा में मान्यता देने तथा एनडीए के सहयोगी दल के रूप में सीट आवंटित करने का अनुरोध किया था। हाल ही में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एनसीपीआई को सर्वदलीय बैठक में आमंत्रित किया था और अब मंगलवार की एनडीए बैठक में भी पार्टी को बुलाया गया है।

इसी पृष्ठभूमि में यह अटकलें तेज हैं कि एनसीपीआई भविष्य में एनडीए का स्थायी सहयोगी दल बनी रहेगी या भाजपा में विलय का विकल्प चुनेगी। हालांकि इन अटकलों पर किसी भी पक्ष ने आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। अब राजनीतिक हलकों की निगाहें मंगलवार की एनडीए बैठक पर टिकी हैं, जिससे एनसीपीआई की आगामी राजनीतिक रणनीति और राष्ट्रीय राजनीति के नए समीकरणों की तस्वीर कुछ हद तक साफ होने की उम्मीद है।

SCROLL FOR NEXT