सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

कल्याणी JNM अस्पताल में मेडिकल छात्र की संदिग्ध मौत !

हॉस्टल से बरामद हुआ सड़ा-गला शव

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : कल्याणी के जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (JNM) अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में एक मेडिकल छात्र की रहस्यमय मौत से भारी सनसनी फैल गई है। गुरुवार को हॉस्टल के एक बंद कमरे से छात्र का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य देख सहपाठी और अधिकारी दंग रह गए।
अंतिम वर्ष का छात्र था पुलक

मृत छात्र की पहचान पुलक हालदार के रूप में हुई है, जो दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर का निवासी था। पुलक JNM मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस (MBBS) के पांचवें वर्ष यानी अंतिम सेमेस्टर का छात्र था। गुरुवार की दोपहर जब हॉस्टल के अन्य छात्रों को उसके कमरे से असहनीय दुर्गंध महसूस हुई, तो उन्होंने तुरंत कॉलेज अधिकारियों और कल्याणी थाना पुलिस को सूचित किया।

हत्या या आत्महत्या? गहराया रहस्य

पुलक की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलक के शव की हालत बता रही है कि उसकी मौत कुछ दिन पहले ही हो चुकी थी। कॉलेज कैंपस में चर्चा है कि पुलक 'आरजी कर आंदोलन' के दौरान फ्रंट में रहा था। यह भी आरोप लग रहे हैं कि कॉलेज प्रशासन ने उसे जानबूझकर फेल कर दिया था, जिससे वह मानसिक तनाव में था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।

अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद से ही मेडिकल कॉलेज परिसर में तनाव व्याप्त है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अस्पताल के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक (AMS) सोमज्योति बंद्योपाध्याय ने मीडिया से कहा कि, "हमें सूचना मिली थी कि छात्र दरवाजा नहीं खोल रहा है। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो सड़ा-गला शव मिला। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।"

SCROLL FOR NEXT