निधि, सन्मार्ग संवाददाता
उत्तर दमदम : उत्तर दमदम के बिराटी स्थित जेशोर रोड के किनारे बिशरपाड़ा के बांकड़ा इलाके में सोमवार को तड़के एक कार सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सर्विस सेंटर के अंदर खड़ी करीब 30 गाड़ियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह करीब चार बजे स्थानीय लोगों ने सर्विस सेंटर से धुआं निकलते देखा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। गैरेज के अंदर मौजूद मोबिल, तेल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
दमकल की 8 गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक वहां खड़ी करीब 30 कारें जल चुकी थीं। शुरुआती अनुमान के अनुसार इस भीषण अग्निकांड में काफी नुकसान हुआ है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।