सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : उत्तर एवं मध्य अंडमान जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कलाघाट थाना पुलिस ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया है। पुलिस ने एक छापेमारी के दौरान वार्ड नंबर–3, कलाघाट के एक मकान से गांजा का पौधा बरामद किया है और मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई थाना प्रभारी एसआई शिवेन्द्र नाथ हलदर के नेतृत्व में की गई। उन्हें विश्वसनीय स्रोतों से सूचना मिली थी कि कलाघाट इलाके में एक व्यक्ति अपने घर के पीछे अवैध रूप से गांजा का पौधा उगा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। कार्रवाई की निगरानी डीएएन आईपीएस अधिकारी चंदन जी. एस., एसडीपीओ डिगलीपुर ने स्वयं की। टीम ने संदिग्ध मकान और उसके आसपास के परिसर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को घर के पीछे स्थित सब्ज़ी बागान में एक गांजा का पौधा मिला, जिसका वजन लगभग 1.200 किलोग्राम था। मौके पर मौजूद व्यक्ति की पहचान वार्ड नंबर–3, कलाघाट निवासी किरण बर्मन के रूप में की गई। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने यह पौधा स्वयं अपने उपयोग के लिए लगाया था, और कभी-कभी अपने कुछ दोस्तों को पैसे लेकर गांजा देता था।इसके बाद पुलिस ने किरण बर्मन को तत्काल गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। बरामद पौधे को जब्त कर उसे साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी लंबे समय से गांजा का सेवन कर रहा था और धीरे-धीरे उसने इसे अपने निजी लाभ के लिए उगाना शुरू कर दिया था।
उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा है कि नशे के खिलाफ सख़्त अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या नशे के व्यापार में लिप्त लोगों को बख़्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को अवैध नशे के कारोबार या अपराध संबंधी कोई भी जानकारी मिले, तो वह नज़दीकी थाना या फोन नंबर 100, 112 या 03192-273344 पर तुरंत संपर्क करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें उपयुक्त इनाम भी दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।