सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी ने अपने केंद्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नई टीम का गठन किया है। पार्टी ने पहले ही नितिन नवीन को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया था। अब सोमवार को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पूरी सूची जारी कर दी गई। नई टीम में पश्चिम बंगाल से दो नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है जिनमें मनोज टिग्गा और डॉ. मधुछंदा कर शामिल हैं। मधुछंदा कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (National Vice President) बनाया गया है। वहीं, मनोज टिग्गा को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। मनोज टिग्गा अलीपुरदुआर से भाजपा के लोकसभा सांसद हैं और इससे पहले वे पश्चिम बंगाल विधानसभा में भी पार्टी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। मनोज टिग्गा विधानसभा में बीजेपी के भरोसेमंद नेता रहे हैं। अलीपुरद्वार से सांसद चुने जाने से पहले उन्होंने बंगाल विधानसभा में चीफ व्हिप के तौर पर अहम भूमिका निभाई। मनोज टिग्गा हमेशा से ही चाय बागान के मजदूरों से जुड़े मुद्दों के करीब रहे हैं।
बंगाल से पार्टी के दो पदाधिकारियों का चुनाव, अनुभवी संगठनात्मक लोगों और नई पीढ़ी के नेताओं को एक साथ लाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। पेशे से चिकित्सक और ऑन्कोलॉजिस्ट मधुछंदा कर लंबे समय से भाजपा से जुड़ी हुई हैं। छात्र जीवन से ही उन्होंने राजनीति में सक्रिय भागीदारी शुरू कर दी थी। फिलहाल वह जानी-मानी चिकित्सक और कैंसर विशेषज्ञों में शामिल हैं। चिकित्सा क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ वह भाजपा के संगठनात्मक और राजनीतिक कामकाज में भी सक्रिय रही हैं।