टॉप न्यूज़

मनोज अग्रवाल बने मुख्य सचिव, नवान्न में बढ़ी हलचल

मुख्यमंत्री की पहली बैठक में दिखे थे स्पष्ट संकेत

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की नयी भाजपा सरकार में प्रशासनिक फेरबदल के बीच वरिष्ठ IAS अधिकारी मनोज अग्रवाल को राज्य का नया मुख्य सचिव बनाए जाने के बाद नवान्न के ब्यूरोक्रेटिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की शीर्ष अधिकारियों के साथ पहली बैठक में उनकी मौजूदगी ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि नयी सरकार उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है। चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण मतदान और प्रशासनिक भूमिका को लेकर मनोज अग्रवाल तथा सुब्रत गुप्ता दोनों ही लगातार चर्चा में रहे थे। नयी सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को शीर्ष ब्यूरोक्रेट्स के साथ पहली अहम बैठक की। इस बैठक में मनोज अग्रवाल मुख्यमंत्री के ठीक बायीं ओर बैठे नजर आए। इसके बाद से ही उनके मुख्य सचिव बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई थीं।

बढ़ी थी दोनों अधिकारियों की चर्चा

विधानसभा चुनाव के दौरान नवान्न के प्रशासनिक हलकों में मनोज अग्रवाल और रिटायर्ड IAS अधिकारी सुब्रत गुप्ता के भविष्य को लेकर लगातार चर्चा होती रही। माना जा रहा था कि भाजपा सरकार बनने पर दोनों को अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।

सुब्रत गुप्ता को मिला मुख्यमंत्री का सलाहकार पद

नयी सरकार के शपथ लेते ही रिटायर्ड IAS अधिकारी सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त कर दिया गया। इसके बाद प्रशासनिक हलकों में यह चर्चा और तेज हो गई कि अब मनोज अग्रवाल को भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।

CEO रहते निभायी अहम जिम्मेदारी

मनोज अग्रवाल राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे थे। चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण और बिना बड़े हिंसक घटनाक्रम के मतदान संपन्न कराने को लेकर उनकी भूमिका की काफी सराहना हुई। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार चुनाव समाप्त होने के बाद ही यह चर्चा शुरू हो गई थी कि मनोज अग्रवाल नवान्न लौट सकते हैं। कई अधिकारियों को पहले से अनुमान था कि उन्हें मुख्य सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

वरिष्ठ IAS अधिकारी होने का मिला लाभ

मनोज अग्रवाल राज्य के वरिष्ठ IAS अधिकारियों में गिने जाते हैं। वह IAS एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में नयी सरकार में उनकी भूमिका को लेकर प्रशासनिक हलकों में लगातार उत्सुकता बनी हुई थी।

ममता सरकार में रहे थे नवान्न से दूर

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में यह भी चर्चा रही कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मनोज अग्रवाल को मुख्य चुनाव अधिकारी बनाकर नवान्न की सक्रिय प्रशासनिक राजनीति से दूर रखा था। मनोज अग्रवाल को मुख्य सचिव बनाए जाने के बाद अब नयी भाजपा सरकार की प्रशासनिक टीम और आने वाले बड़े फैसलों पर सबकी निगाहें टिक गई हैं।

SCROLL FOR NEXT