निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात: उत्तर 24 परगना जिले के हाड़ोआ थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। महज 30 रुपये के मामूली विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। एक युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। मृतका की पहचान रुबिया सुलताना (23) के रूप में हुई है। इस घटना ने समाज में बढ़ती असहिष्णुता और घरेलू हिंसा के भयावह रूप को उजागर किया है।
स्थानीय और पुलिस सूत्रों के अनुसार, रबिउल इस्लाम और उसकी पत्नी रुबिया के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। ताजा विवाद की वजह महज 30 रुपये थे। दरअसल, उनके बेटे की ट्यूशन फीस के 30 रुपये बकाया थे। रुबिया ने अपने पति रबिउल से वह राशि मांगी ताकि बच्चे की पढ़ाई बाधित न हो। लेकिन रबिउल ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखा झगड़ा हुआ, जिसके बाद रुबिया नाराज होकर अपने मायके चली गई थी।
कुछ दिनों बाद दोनों परिवारों के बुजुर्गों ने बीच-बचाव किया और मध्यस्थता के जरिए मामला सुलझाया गया। रुबिया इस उम्मीद में अपने ससुराल लौट आई थी कि अब हालात सामान्य हो जाएंगे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। सोमवार की रात घर लौटने के बाद फिर से वही पुरानी बात उठी और बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रबिउल ने अपना आपा खो दिया।
आरोप है कि सोमवार की रात बहस के दौरान रबिउल ने हिंसक रुख अख्तियार कर लिया और रुबिया का गला दबा दिया। दम घुटने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद रबिउल घर से भाग निकला। हालांकि, कुछ देर बाद वह खुद हाड़ोआ थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों के सामने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया।
इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे हाड़ोआ इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग इस बात से हैरान हैं कि क्या एक जान की कीमत महज 30 रुपये रह गई है? पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस हत्या के पीछे कोई और गहरी साजिश या पुरानी रंजिश तो नहीं थी।