निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के लिलुआ इलाके में मंगलवार की देर रात शराब और जुए के अड्डे पर गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार बर्मा कॉलोनी में चल रही शराब और जुए की महफिल के दौरान एक युवक को निशाना बनाकर गोली चला दी गई। घायल युवक की पहचान निमाई माझी के रूप में हुई है। गोली उसके बाएं कंधे में लगी है। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हिस्सेदारी के विवाद की आशंका, एक संदिग्ध हिरासत में
पुलिस के अनुसार निमाई माझी के खिलाफ पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप लगते रहे हैं। घटना के समय उसके साथ उसके कुछ करीबी साथी भी मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली चलाने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसका ही एक सहयोगी था। हालांकि गोली चलाने के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस को आशंका है कि जुए के पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ हो, हालांकि अन्य कोणों से भी मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद घटना के पीछे की साजिश और कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, निमाई माझी की हालत में सुधार होने पर पुलिस उसका भी बयान दर्ज करेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।