निधि, सन्मार्ग संवादददाता
बादुड़िया: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) को लेकर व्याप्त अनिश्चितता ने एक और जान ले ली है। उत्तर 24 परगना के बादुड़िया थाना अंतर्गत पश्चिम नाटुरिया इलाके में 'विचाराधीन' (Under Consideration) सूची में नाम होने के डर से 36 वर्षीय इस्माइल मोल्ला ने आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह घर से उनका फंदे से लटकता शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।
अंतिम सूची ने बढ़ाई बेचैनी
परिजनों के अनुसार, पहली चरण की अंतिम मतदाता सूची में इस्माइल के नाम के आगे 'विचाराधीन' लिखा हुआ था। चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद से ही वह अपनी नागरिकता और मतदान के अधिकार को लेकर गहरे मानसिक तनाव में थे। गुरुवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि शुक्रवार को एक अतिरिक्त सूची प्रकाशित हो सकती है, जिसके बाद उनकी घबराहट और बढ़ गई। घर लौटने के बाद उन्होंने अपने आठ साल और डेढ़ साल के दो मासूम बेटों को दुलारा और फिर कमरे में जाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
प्रशासनिक प्रक्रिया पर सवाल
पड़ोसियों का दावा है कि इस्माइल ने सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए थे, फिर भी उनका नाम 'विचाराधीन' श्रेणी में रखा गया। इस घटना ने एक बार फिर SIR प्रक्रिया के दौरान आम लोगों को होने वाली मानसिक प्रताड़ना और प्रशासनिक खामियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वोटर लिस्ट की विसंगतियों के कारण सीमावर्ती इलाकों में दहशत का माहौल है।