सिलीगुड़ी
भारत-नेपाल सीमा पर हथियार लेकर नेपाल प्रवेश करने की कोशिश के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। घटना खड़िबाड़ी थाना क्षेत्र के पानीटंकी न्यू ब्रिज इलाके की है। एसएसबी की 41वीं बटालियन की डी कंपनी की बीआईटी टीम ने नियमित जांच के दौरान एक वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान एक भारतीय नागरिक के बैग से पिस्तौल, दो मैगजीन और 49 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार को पानीटंकी न्यू ब्रिज इलाके में नियमित तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एसएसबी जवानों ने संदिग्ध वाहन को रोककर उसमें सवार लोगों की जांच की। एक व्यक्ति के बैग की तलाशी लेने पर हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान ताशी पालकी भूटिया के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुद को सिक्किम का निवासी बताया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि वह सिक्किम से नेपाल के काकरभिट्टा जा रहा था और वहां अपने गुरुजी को लाने की योजना थी।
एसएसबी की जांच में सामने आया कि बरामद पिस्तौल का लाइसेंस मौजूद था, लेकिन लाइसेंस में हथियार को सिक्किम और पश्चिम बंगाल के बीच ले जाने की अनुमति का उल्लेख था। नेपाल सीमा पार कर हथियार ले जाने की अनुमति नहीं होने की बात सामने आई है।
इसके बाद एसएसबी ने बरामद पिस्तौल, दो मैगजीन और 49 कारतूस सहित ताशी पालकी भूटिया को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खड़िबाड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि व्यक्ति हथियार लेकर नेपाल क्यों जा रहा था और उसके पास मौजूद हथियार के दस्तावेजों की वास्तविक स्थिति क्या है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।