सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

गुजरात की स्कूलों को धमकी भरा मेल भेजने वाला गिरफ्तार !

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बनगांव : गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा सहित विभिन्न शहरों के 13 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले शातिर आरोपी को गुजरात पुलिस ने पश्चिम बंगाल से धर दबोचा है। पकड़े गए युवक ने न केवल स्कूलों को दहलाने की धमकी दी थी, बल्कि गुजरात को 'खालिस्तान' बनाने की चेतावनी भी मेल के जरिए भेजी थी। गुजरात पुलिस की क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने उत्तर 24 परगना के गोपालनगर थाना अंतर्गत गोविंदपल्ली से आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर गुजरात ले गई है।

सौरभ बनकर रह रहा था बांग्लादेशी 'माइकल'

पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गिरफ्तार युवक का असली नाम माइकल विश्वास है और वह मूल रूप से बांग्लादेश का निवासी है। पश्चिम बंगाल में उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए 'सौरभ विश्वास' के नाम से फर्जी दस्तावेज बनवा रखे थे। उसने 16 फरवरी को गुजरात के कई स्कूलों को ईमेल भेजकर तबाही मचाने की धमकी दी थी, जिसमें कुछ शीर्ष राजनेताओं के नाम का भी उल्लेख किया गया था।

VPN के पीछे छिपा था गुनाह का चेहरा

शातिर माइकल ने अपनी पहचान और आईपी एड्रेस (IP Address) छिपाने के लिए विशेष वीपीएन (VPN) का सहारा लिया था। हालांकि, साइबर विशेषज्ञों की तकनीक के आगे उसकी चालाकी धरी रह गई और उसका लोकेशन पश्चिम बंगाल में मिला। पुलिस ने उसके पास से 3 सीपीयू, 5 हार्ड डिस्क और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। अदालत ने आरोपी को 5 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरराष्ट्रीय साजिश के पीछे और किन ताकतों का हाथ है।

SCROLL FOR NEXT