सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : चाकदह थाना के पूमलिया इलाके की रहने वाली गृहिणी ममता चक्रवर्ती को उसके दो मंजिला घर से शव बरामद किया गया। घर में आलमारी खुली थी और सारे गहने व नकदी नदारत हैं। साथ ही सारा सामान बिखरा पड़ा है। आरोप है कि लूट में बाधा देने के कारण ही ममता की हत्या कर दी गयी है। ममता का पति समीर चक्रवर्ती मध्य प्रदेश में एक होटल में मैनेजर हैं, जबकि उनका बेटा सोहन चक्रवर्ती आंध्र प्रदेश में एमबीए की पढ़ाई कर रहा है। घर के निचले हिस्से में एक किराएदार महिला अपने बच्चे के साथ रहती है। बताया गया है शनिवार को बेटे सोहन ने कई बार अपनी मां को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। रविवार सुबह भी उसने कई बार कोशिश की। जब कोई जवाब नहीं मिला, तो सोहन ने नीचे रहने वाली किराएदार महिला को फोन किया इस पर सोमवार की रात जब वह ऊपर गयी तो ममता को बिस्तर पर पड़ा पाया। इसकी जानकारी तुरंत चाकदह थाने को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ममता को अस्पताल ले गयी जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया।
बेटे ने कई बार फोन किया, संपर्क नहीं हो पाने पर जताया था संदेह
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ममता सोने के गहने पहनती थी लेकिन उसके शरीर पर गहने नहीं थे। उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं, और गले पर भी निशान मिले हैं। इससे यह संदेह बढ़ गया है कि गला घोंटकर उनकी हत्या की गई है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह गहने की चोरी के इरादे से की गई हत्या है या किसी व्यक्तिगत दुश्मनी का नतीजा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्याणी के जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल भेज दिया है। परिवार की ओर से हत्या की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी खंगाल रही है ताकि कोई सुराग पुलिस के हाथ लगे।