प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर राज्य पुलिस और प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के तबादले की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सोमवार को लिखे गए पत्र में उन्होंने कहा, “चुनाव की घोषणा के कुछ ही घंटों के भीतर एकतरफा निर्णय लेकर राज्य प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों को हटा दिया गया।
नियम के अनुसार इस मामले में राज्य सरकार से नये नाम मांगे जाते हैं, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।” मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, “चुनाव के दौरान आयोग और राज्य प्रशासन की कार्यप्रणाली का पालन किए बिना यह कार्रवाई की गई, जो देश के संघीय ढांचे के विपरीत है। चुनाव आयोग से अपेक्षा है कि वह केवल शक्ति का प्रयोग न करे, बल्कि संघीय व्यवस्था को भी अक्षुण्ण रखे।”
पत्र के अंत में ममता बनर्जी ने यह भी स्पष्ट किया, “आशा है कि संविधान के मूल विचारों का पालन करते हुए आयोग अपनी परंपरा, प्रतिष्ठा और संस्थागत महत्व की रक्षा करेगा।” राज्य प्रशासन और पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के अचानक तबादले से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।