मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 
टॉप न्यूज़

टेलीविज़न बने सामाजिक चेतना का दर्पण

टेली अकादमी पुरस्कार समारोह में मुख्यमंत्री की अपील

कोलकाता: राज्य सूचना एवं संस्कृति विभाग की ओर से गुरुवार को ‘धनधान्य’ प्रेक्षागृह में टेली अकादमी पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उपस्थिति में छोटे पर्दे के कलाकारों और तकनीशियनों को सम्मानित किया गया। इसी मंच से मुख्यमंत्री ने धारावाहिक निर्माताओं और चैनलों को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

ममता बनर्जी ने कहा कि टेलीविजन समाज का दर्पण है और उसे मानवता, सामाजिक चेतना तथा सुसंस्कार को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज की पीढ़ी तक बंगाल का गौरवशाली इतिहास सही रूप में नहीं पहुंच पा रहा है, ऐसे में टीवी सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण साधन बन सकता है।

उन्होंने पिछले वर्षों की तरह इस बार भी धारावाहिकों में कूटनीति, अनावश्यक विवाद, बहुविवाह जैसे नकारात्मक प्लॉट से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टीआरपी बढ़ाना जरूरी है, परंतु कहानी में सामाजिक संदेश और सकारात्मकता भी होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कलाकारों और तकनीशियनों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि टीवी उद्योग दिन–रात काम करता है, त्योहारों पर भी उनका अवकाश नहीं होता।

उन्होंने बताया कि टीवी वास्तव में समाज, भाषा, संगीत और मनोरंजन की संयुक्त दुनिया है। कार्यक्रम में राज्य सरकार ने सिने टेक्निशियंस के कल्याण कोष के लिए 5 लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया, जिसे अध्यक्ष स्वरूप विश्वास ने स्वीकार किया।

SCROLL FOR NEXT