कोलकाता: आगामी चुनावों को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस ने महिला मतदाताओं पर विशेष फोकस किया है। पार्टी के प्रचार अभियान में महिला संगठन को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। 21 दिसंबर से 20 जनवरी तक पूरे एक महीने राज्य के गांव-शहर और सभी ब्लॉकों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें महिलाओं के लिए किए गए विकास कार्यों का जोरदार प्रचार होगा।
इस अभियान के तहत ‘उन्नयनेर पांचाली’ (विकास गाथा) नामक एक विशेष पुस्तक तैयार की गई है। महिला कार्यकर्ता इस पुस्तक को लेकर घर-घर जाएंगी और राज्य सरकार के 15 वर्षों के विकास कार्यों का लोक संगीत और कीर्तन की धुन में पाठ करेंगी। घरों के अंदरूनी हिस्सों तक महिलाओं की सहज पहुंच को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार की वरिष्ठ मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि पाड़ा बैठक, चटाई बैठक जैसे छोटे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में लोक संगीत और संस्कृति को प्राथमिकता दी गई है। 22 जनवरी को पूरे राज्य में रैली भी निकाली जाएगी। पार्टी का लक्ष्य राज्य की 2 करोड़ 20 लाख से अधिक महिला वोटरों का समर्थन बनाए रखना है।
मंगलवार को कोलकाता के नजरुल मंच में आयोजित कार्यक्रम में इस अभियान की भव्य शुरुआत हुई। महिला नेतृत्व द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 3,500 से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। भरे हुए सभागार में सभी को ‘उन्नयन की पांचाली’ की एक-एक प्रति दी गई और जब सभी ने एक साथ उसका पाठ शुरू किया तो पूरा मंच गूंज उठा।
कार्यक्रम में शशि पांजा, माला राय, बीरबाहा हांसदा, ज्योत्सना मांडी और सबीना यासमिन सहित कई वरिष्ठ महिला नेता मंत्री मौजूद थीं। नेताओं ने 'कन्याश्री; सहित महिला-केंद्रित योजनाओं की सफलता और महिला नेतृत्व की भूमिका को रेखांकित किया।