टॉप न्यूज़

आज TMC पार्षदों के साथ रूबरू होंगी ममता बनर्जी

चुनावी झटके के बाद टीएमसी सुप्रीमो की आपात बैठक

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल की राजनीति में बढ़ती हलचल के बीच तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शुक्रवार को पार्टी पार्षदों की अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक शाम 4 बजे कालीघाट स्थित उनके आवास पर होगी। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन और कोलकाता नगर निगम में बदलते राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, हालिया चुनाव में कोलकाता की कई सीटों पर बीजेपी की बढ़त और बड़ी संख्या में वार्डों में तृणमूल के पिछड़ने से पार्टी नेतृत्व चिंतित है। इस समय नगर निगम में तृणमूल के 137 पार्षद हैं, लेकिन इनमें से कई अपने-अपने वार्डों में 2026 विधानसभा चुनाव में पीछे रह गए। राज्य में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद उनकी राजनीतिक स्थिति और कमजोर मानी जा रही है।

इसी बीच मेयर फिरहाद हकीम के संभावित इस्तीफे की अटकलों ने भी सियासी हलचल बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि बैठक में पार्टी के सभी पार्षदों को मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी बैठक में शामिल हो सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बैठक पार्टी संगठन को संभालने और आगामी कोलकाता नगर निगम चुनाव की रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई है।

SCROLL FOR NEXT