ममता बनर्जी 
टॉप न्यूज़

दमन बंद नहीं हुआ तो दिल्ली में दूंगी धरना: ममता

भाजपा पर ‘मध्यरात्रि की बर्बरता’ का आरोप, पुलिस को भी लिया आड़े हाथों

कोलकाता : कैमैक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में तड़के हुई तोड़फोड़ को लेकर तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार शाम फेसबुक लाइव के जरिए ममता ने घटना को ‘मध्यरात्रि की बर्बरता’ करार देते हुए सीधे भाजपा पर गुंडे भेजने का आरोप लगाया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि अत्याचार नहीं रुका तो वह दिल्ली जाकर भाजपा नेताओं के घरों के सामने धरने पर बैठेंगी।

ममता ने कहा, ‘‘हमारे पार्टी कार्यालय में मध्यरात्रि को गुंडे भेजे गए। कागज-पत्र, दस्तावेज और रिकॉर्ड सब तितर-बितर कर दिए गए। सामान लूट लिया गया। हमारे चार लोगों को अंदर रोककर उन पर अत्याचार किया गया।’’ उन्होंने शेक्सपियर सरणी थाने का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘थाने की नाक के नीचे अगर यह सब हो सकता है, तो गांव-बंगाल में क्या हो रहा होगा, सोचिए।’’

तृणमूल के पार्टी कार्यालयों पर कथित कब्जे का मुद्दा उठाते हुए ममता ने दावा किया कि चार हजार से अधिक कार्यालयों पर कब्जा किया गया है और कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘एफआईआर करते-करते आप थक जाएंगे, लेकिन हमें रोक नहीं पाएंगे।’’

ममता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि दुष्कर्मियों को बचाने के लिए केंद्रीय बल भेजने से भाजपा अपने ही कार्यकर्ताओं को खो रही है और उसके पैरों तले की जमीन खिसक रही है।

पुलिस पर भी ममता का हमला जारी रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद पुलिस ‘रक्षक से भक्षक’ बन गई है। हालांकि, ईमानदारी से वर्दी की गरिमा निभाने वाले पुलिस अधिकारियों के प्रति उन्होंने सम्मान भी जताया।

SCROLL FOR NEXT