प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। सीएम ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने राज्यभर में जोरदार चुनाव प्रचार की रणनीति बना ली है। मंगलवार, 24 मार्च से तृणमूल कांग्रेस उत्तर और दक्षिण बंगाल में एक साथ हाई-वोल्टेज कैंपेन शुरू करने जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, टीएमसी सुप्रीमो उत्तर बंगाल से प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी। 24 मार्च को वह अलीपुरदुआर, माटीगाड़ा और मयनागुड़ी में जनसभाएं करेंगी।
तृणमूल के लिए उत्तर बंगाल खास रणनीतिक महत्व रखता है, क्योंकि इसे लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार, 25 मार्च को मुख्यमंत्री राजगंज और हरिरामपुर में जनसभाएं करेंगी। इसके बाद मालदा जिले में भी एक सभा प्रस्तावित है, हालांकि वहां का सटीक स्थान अभी तय नहीं हुआ है। इसी दिन उनका रात्रि विश्राम मालदा में होगा। 26 मार्च को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम और भी व्यस्त रहेगा। वह नवग्राम और खड़ग्राम में सभाएं करने के बाद मयूरेश्वर और पांडवेश्वर में भी जनसभाओं को संबोधित करेंगी। इस दिन का रात्रि विश्राम दुर्गापुर में निर्धारित किया गया है। वहीं, 27 मार्च को मुख्यमंत्री पुरुलिया-काशीपुर, छातना और ओंदा में चुनावी सभाएं करेंगी।
8 दिन में अभिषेक का ताबड़तोड़ प्रचार
दूसरी ओर, अभिषेक बनर्जी दक्षिण बंगाल से अभियान की शुरुआत करेंगे। 24 मार्च को दक्षिण 24 परगना के पाथरप्रतिमा में उनकी पहली रैली होगी। इसके बाद 25 मार्च को वे नंदीग्राम में सभा करेंगे, जहां मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। उसी दिन दासपुर, केशियाड़ी और नारायणगढ़ में भी उम्मीदवारों के समर्थन में अभिषेक बनर्जी के प्रचार में शामिल होने की संभावना है। दक्षिण बंगाल से अभियान शुरू करने के बाद वे सीधे उत्तर बंगाल के लिए रवाना होंगे। तृणमूल सूत्रों के मुताबिक, 26, 28 और 31 मार्च को अभिषेक बनर्जी उत्तर बंगाल के कुल 9 विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो और जनसभाएं करेंगे।