प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए गुरुवार को कालीघाट स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी , पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और चुनावी रणनीतिक सलाहकार संस्था IPAC के प्रतिनिधि प्रतीक जैन के साथ करीब तीन घंटे लंबी बंद कमरे की बैठक हुई। बैठक को पूरी तरह गोपनीय रखा गया और इसमें संगठन तथा चुनावी रणनीति के कई अहम पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने, मतदाता सूची के सूक्ष्म विश्लेषण, युवा एवं महिला मतदाताओं तक प्रभावी पहुंच बनाने और सोशल मीडिया अभियान को आक्रामक रूप देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों की पहचान कर उनके आधार पर क्षेत्रवार रणनीति तैयार करने की रूपरेखा पर भी मंथन हुआ।
बताया जा रहा है कि नेतृत्व ने जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने और जनसंपर्क अभियानों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। विपक्ष की संभावित रणनीति और हालिया राजनीतिक घटनाक्रम का भी विश्लेषण किया गया, ताकि चुनावी मुकाबले में बढ़त बनाई जा सके।
हालांकि बैठक के बाद आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे आगामी चुनाव के मद्देनजर बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में संगठनात्मक गतिविधियां और तेज होंगी तथा चुनावी अभियान का विस्तृत खाका सार्वजनिक किया जा सकता है।