सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

नदिया: भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम, भारी मात्रा में कफ सिरप जब्त

मजदिया-बानपुर रोड पर पुलिस की छापेमारी, बैग में भरकर बांग्लादेश ले जाने की थी तैयारी; एक धराया

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया: भारत-बांग्लादेश सीमावर्ती इलाकों में तस्करी के खिलाफ जारी अभियान में नदिया जिले की कृष्णगंज थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने सीमा पार तस्करी से पहले ही भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप बरामद की है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

संदेह के घेरे में आए तस्कर

सूत्रों के अनुसार, बीती रात कृष्णगंज थाना अंतर्गत मजदिया-बानपुर रोड पर कुछ संदिग्ध युवक पीठ पर भारी बैग लेकर घूम रहे थे। गश्ती दल को देखते ही उनकी गतिविधियों में घबराहट दिखी, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया। पुलिस ने जब घेराबंदी कर तलाशी ली, तो बैगों के अंदर से करीब 250 बोतलें प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुईं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर लिया और मौके से एक आरोपी को दबोच लिया।

बड़े गिरोह की तलाश में पुलिस

प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि इन सिरप की बोतलों को अवैध रूप से सीमा पार बांग्लादेश भेजने की योजना थी। नदिया का सीमावर्ती इलाका होने के कारण यहाँ तस्कर अक्सर सक्रिय रहते हैं। कृष्णगंज थाना पुलिस अब गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं। यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसका मुख्य सरगना कौन है, इसकी जांच तेज कर दी गई है।

SCROLL FOR NEXT