कोलकाता: पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को नवान्न में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घोषणा की कि राज्य में अब स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए नया रोडमैप तैयार किया गया है। सबसे बड़ा ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक राज्य सरकार की ‘स्वास्थ्य साथी’ योजना का लाभ लेने वाले करीब 6 करोड़ लोगों को केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जुलाई तक लाभार्थियों को कार्ड देने का लक्ष्य रखा गया है। इससे राज्य के लोग पूरे देश में इलाज की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग अब तक किसी स्वास्थ्य बीमा योजना से जुड़े नहीं थे, वे भी आयुष्मान भारत में आवेदन कर सकेंगे। यानी दायरा और बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, जून के पहले सप्ताह में ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ को लेकर केंद्र के साथ समझौता किया जाएगा। इस दौरान राज्य और केंद्र सरकार के मंत्री व अधिकारी मौजूद रहेंगे।
सरकार का कहना है कि करीब 1 करोड़ ऐसे बंगाली जो राज्य के बाहर रहते हैं, उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की योजनाओं के साथ सहयोग न करने की वजह से राज्य के लाखों लोग स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहे। सरकार का दावा है कि इस नई पहल से पश्चिम बंगाल के हेल्थ सेक्टर में बड़ा और “युगांतकारी बदलाव” देखने को मिलेगा।