टॉप न्यूज़

ब्रिटेन में बड़ा सियासी झटका! रक्षा मंत्री जॉन हीली का इस्तीफा

बढ़ते वैश्विक खतरों के बीच रक्षा खर्च को लेकर सरकार से नाराज थे जॉन हीली, कहा- मौजूदा निवेश जरूरत से काफी कम।

Bishakhaa Tiwari

लंदन: ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। देश के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के पीछे उन्होंने सरकार की रक्षा नीति और सेना पर किए जा रहे खर्च को वजह बताया।

जॉन हीली ने प्रधानमंत्री Keir Starmer को भेजे अपने इस्तीफे में कहा कि मौजूदा वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों और बढ़ते खतरों को देखते हुए सरकार का रक्षा निवेश पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने कहा, "इस खतरनाक दौर में ब्रिटेन की सुरक्षा जरूरतों के मुकाबले रक्षा क्षेत्र में किया जा रहा निवेश काफी कम है।"

रक्षा बजट को लेकर बढ़ा विवाद

ब्रिटेन में रक्षा मंत्रालय और वित्त मंत्रालय के बीच रक्षा बजट को लेकर लंबे समय से मतभेद की खबरें सामने आ रही थीं। बताया जा रहा है कि इसी वजह से सरकार की नई रक्षा निवेश योजना के प्रकाशन में भी देरी हो रही थी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यूरोप में बढ़ते सुरक्षा जोखिम, रूस-यूक्रेन संघर्ष और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के बीच रक्षा खर्च को लेकर सरकार के भीतर यह असहमति एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकती है।

सरकार पर बढ़ेगा दबाव

जॉन हीली का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब ब्रिटेन अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति को मजबूत करने और रक्षा क्षमताओं के विस्तार पर जोर दे रहा है। उनके इस्तीफे से प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर सरकार पर रक्षा बजट बढ़ाने का दबाव और बढ़ सकता है।

यह घटनाक्रम ब्रिटेन की सुरक्षा और रक्षा नीतियों पर नई बहस को जन्म दे सकता है, खासकर ऐसे समय में जब यूरोप और दुनिया के कई हिस्सों में सुरक्षा चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं।

SCROLL FOR NEXT