टॉप न्यूज़

चुनाव से पहले कोलकाता में आयकर का बड़ा एक्शन

तृणमूल उम्मीदवार व एक करीबी के यहां छापे

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : आयकर विभाग ने शुक्रवार को शहर में कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की, जिसमें तृणमूल के उम्मीदवार देबाशीष कुमार के घर और भवानीपुर के रहने वाले एक तृणमूल के करीबी का निवास भी शामिल है। आयकर विभाग की टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे कुमार के मनोहरपुकुर रोड स्थित घर पर पहुंचकर तलाशी शुरू की। उस समय कुमार घर पर ही मौजूद थे। एक अन्य टीम उनके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित उनके चुनाव कार्यालय पहुंची। इसके अलावा एक टीम मोतीलाल नेहरू रोड स्थित तृणमूल कार्यालय और एक अन्य टीम कुमार की सास के घर भी पहुंची। छापेमारी के दौरान एक वकील स्वयं मौके पर पहुंचे और कार्रवाई के दिशा-निर्देशों को लेकर सवाल उठाते हुए अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन केंद्रीय बलों ने उन्हें परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया और गेट के बाहर से ही लौटा दिया।

उसी दिन कुमार को अपने चुनाव खर्च का ब्योरा जमा करना था। उनके एजेंट राकेश कामथ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने उनके घर पहुंचे, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। वे करीब 10 घंटे तक बाहर इंतजार करते रहे। कामथ ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से खर्च से जुड़े दस्तावेज लेने की अनुमति मांगी, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। इससे पहले ईडी ने कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में कथित जमीन कब्जा और अवैध निर्माण के मामले में कुमार से दो बार पूछताछ की थी। एजेंसी ने हिस्ट्रीशीटर सोना पप्पू के घर पर भी छापा मारा था। अधिकारियों ने बताया कि ईडी का उद्देश्य यह पता लगाना था कि क्या कुमार का व्यवसायी अमित गंगोपाध्याय के साथ कोई वित्तीय लेनदेन था, जिनकी संपत्ति की हाल में केंद्रीय एजेंसी ने तलाशी की थी।

इसी दौरान आयकर विभाग ने दक्षिण कोलकाता के कालीघाट में तृणमूल के कार्यकर्ता कुमार साहा के घर पर भी तलाशी ली। साहा को कुमार का करीबी माना जाता है और वे पार्टी की बैठकों में भीड़ जुटाने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। वे तृणमूल के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी के भी करीबी बताए जाते हैं। दोपहर में आयकर विभाग की एक टीम एल्गिन रोड स्थित गुजराती समाज के व्यवसायी के घर भी पहुंची। आयकर विभाग के सूत्रों का कहना है कि व्यवसायी इस मामले से जुड़ी अहम जानकारी रख सकते हैं। छापेमारी देर शाम तक जारी रही।

SCROLL FOR NEXT