नयी दिल्ली : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने करोड़ों नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत देते हुए रिटायरमेंट के बाद PF का पैसा किस्तों में निकालने के लिए व्यवस्थित निकासी योजना यानी सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान को मंजूरी दे दी है। EPFO ने साथ ही PF अकाउंट में अनिवार्य मिनिमम बैलेंस की शर्त भी 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दी है।
श्रममंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई EPFO के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की 240वीं बैठक में यह बड़ा फैसला लिया गया। अब तक रिटायरमेंट के बाद ज्यादातर कर्मचारी अपने PF का पूरा पैसा एक साथ निकाल लेते थे, जिससे उनके सामने इतनी बड़ी रकम को संभालने और सही जगह निवेश करने की चुनौती रहती थी।
नयी व्यवस्था के तहत रिटायर होने वाले कर्मचारी अपनी जमा PF बचत को एकमुश्त निकालने के बजाय नियमित किस्तों में ले सकेंगे। खास बात यह है कि जो पैसा PF खाते में बचा रहेगा, उस पर EPF की तय दर से ब्याज मिलता रहेगा। इस कदम से 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.32 लाख ऐसे कर्मचारियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है, जिनके PF खाते में 5 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं।