टॉप न्यूज़

नोएडा ‘लव जिहाद’ केस में बड़ी कार्रवाई, थाना प्रभारी–जांच अधिकारी सस्पेंड

दलित महिला से दुष्कर्म व धर्म परिवर्तन के आरोपों में लापरवाही पर गिरी गाज, शीर्ष अधिकारियों से जवाब तलब

उत्तर प्रदेश के नोएडा में शादी का झांसा देकर दलित महिला से दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास से जुड़े मामले में कार्रवाई न करने पर पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर थाना फेस-तीन के थाना प्रभारी और जांच अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपी ने पहले अपनी पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद कथित तौर पर ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठे और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

मामले के सामने आने के बाद जांच में पुलिस की लापरवाही उजागर हुई, जिसके चलते थाना प्रभारी और जांच अधिकारी पर कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त को विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं, जबकि पूरे मामले की जांच एक वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी गई है।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव भी देखा गया, जहां कुछ संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए थाना फेस-तीन का घेराव किया। प्रशासन अब मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई में जुटा है।

SCROLL FOR NEXT