निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के बाली स्थित 'महादेव जूट एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड' (Mahadeo Jute and Industries Limited) को दोबारा खोलने का निर्णय लिया गया है। 24 दिसंबर 2025 से बंद पड़ी इस मिल के खुलने से इसमें काम करने वाले लगभग 850 श्रमिकों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
मिल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कोलकाता स्थित न्यू सेक्रेटेरिएट में राज्य के श्रम विभाग द्वारा एक अहम संयुक्त बैठक बुलाई गई। इस बैठक की अध्यक्षता श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने की। इसमें श्रम राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, श्रम सचिव रचना भगत, विशेष श्रम आयुक्त आशीष सरकार और हावड़ा के डिप्टी लेबर कमिश्नर सुमंत राय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में मिल प्रबंधन और वहां सक्रिय तीनों प्रमुख श्रमिक यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। लंबी और विस्तृत चर्चा के बाद सभी पक्ष मिल को पुनः चालू करने पर सहमत हुए और 25 जुलाई से कामकाज शुरू करने का फैसला लिया गया। इस फैसले से लंबे समय से रोजी-रोटी के संकट से जूझ रहे मजदूरों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है।