सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला से दुष्कर्म की कोशिश !

साहसी गृहिणी ने बचाई इज्जत, बैनर से ढंका शरीर और पति की मदद से दबोचा आरोपी को

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

मध्यमग्राम : मध्यमग्राम स्थित दोलतल्ला इलाके में सप्तमी की रात एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नामी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के पास मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला प्रकाश में आया है। बारसात की रहने वाली मधुमिता दे राय अपने पति और बच्चे के साथ स्कूटर से पंडाल घूमने जा रही थीं, तभी उन्होंने महिला की चीख सुनी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक युवक महिला के साथ घिनौनी हरकत कर रहा है। हैरानी की बात यह थी कि आसपास भीड़ होने और मदद मांगने के बावजूद शुरुआत में कोई आगे नहीं आया। इसके बाद मधुमिता ने खुद हिम्मत जुटाई, अपने पति और दो स्थानीय युवकों की सहायता से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी सुभाष मंडल को धर दबोचा। मानवता की मिसाल पेश करते हुए उन्होंने तुरंत एक पूजा विज्ञापन के बैनर से पीड़िता के शरीर को ढंका और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस जांच और पीड़िता की स्थिति को लेकर नए खुलासे

घटना की सूचना मिलते ही मध्यमग्राम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। स्थानीय आवास के सुरक्षा रक्षक और पुलिस के बयानों से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि पीड़िता मानसिक रूप से विक्षिप्त है और संभवतः पहले भी इस तरह के जुल्म का शिकार हो चुकी है। साहसी गृहिणी मधुमिता ने इस पूरी घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के लिए कठोर से कठोर सजा की मांग की है और पुलिस को हरसंभव जांच में सहयोग करने का भरोसा दिलाया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और घटना के पुख्ता सबूत जुटाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT