सड़क पर पड़ी सब्जियां  REP
टॉप न्यूज़

मध्यमग्राम में अनियंत्रित होकर पलटी सब्जियों से लदी गाड़ी, राष्ट्रीय राजमार्ग पर मची अफरा-तफरी

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

मध्यमग्राम: उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे से दहल गई। 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मध्यमग्राम से कोलकाता की ओर जा रही सब्जियों से लदी एक गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन के चालक और खलासी समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे का मंजर

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुबह-सवेरे जब सड़क पर आवाजाही शुरू ही हुई थी, तभी तेज रफ्तार सब्जी वाहन का टायर अचानक फट गया। संतुलन खोते ही गाड़ी डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क के बीचों-बीच पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और अंदर सवार लोग लहूलुहान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मध्यमग्राम ट्रैफिक गार्ड और मध्यमग्राम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर मध्यमग्राम ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां चालक और खलासी की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

सड़क पर बिछी सब्जियां, लगा जाम

हादसे के बाद वाहन में लदी टमाटर, बैंगन और फूलगोभी जैसी सब्जियां पूरे राजमार्ग पर बिखर गईं। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भीड़ सब्जियां बटोरने के लिए उमड़ पड़ी, जिससे स्थिति और भी जटिल हो गई। इस दुर्घटना के कारण 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और सुबह के व्यस्त समय में यात्रियों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को हटाया और सड़क साफ कराकर यातायात सामान्य किया।

SCROLL FOR NEXT