एम चिन्नास्वामी स्टेडियम ( फाइल फोटो ) 
टॉप न्यूज़

RCB के लिए बड़ी खुशखबरी

कर्नाटक सरकार ने केएससीए और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग के मैचों की मेजबानी करने की औपचारिक मंजूरी दे दी।

बेंगलुरुः कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों की मेजबानी करने की औपचारिक मंजूरी दे दी। इसके साथ ही इस स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन को लेकर पिछले लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता भी समाप्त हो गई। पिछले साल आरसीबी के चैंपियन बनने के बाद यहां आयोजित किए गए समारोह के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी।

आईपीएल 28 मार्च से शुरू होगा जिसमें मौजूदा चैंपियन आरसीबी उद्घाटन मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा। यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले आईपीएल का उद्घाटन समारोह अभी इसी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

कर्नाटक के गृह मंत्री परमेश्वर की अध्यक्षता में राज्य सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति तथा केएससीए, आरसीबी और उनकी प्रबंधन कंपनी डीएनए के प्रतिनिधियों के बीच बैठक के बाद कर्नाटक सरकार ने औपचारिक मंजूरी दी। केएससीए के प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने एक बयान में कहा, ‘‘बैठक के दौरान विशेषज्ञ समिति ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में की गई तैयारियों और उपायों के संबंध में रिपोर्ट पेश की। समिति की सिफारिश के आधार पर गृहमंत्री ने स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन के लिए औपचारिक मंजूरी दे दी है।’’

आरसीबी ने इससे पहले घोषणा कर दी थी कि वह अपने सात घरेलू मैचों में से पांच मैच बेंगलुरु में जबकि दो मैच रायपुर में खेलेगा। केएससीए ने विशेषज्ञ समिति के सदस्यों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी

पिछले साल चार जून को आरसीबी की आईपीएल में पहली खिताबी जीत का जश्न मनाने के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ मच गई थी जिसमें 11 लोग मारे गए थे और 30 से अधिक घायल हो गए थे। इसके बाद भीड़ प्रबंधन को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई। इस घटना के बाद कर्नाटक सरकार ने कड़ा रवैया अपनाते हुए सुरक्षा उपायों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नहीं किए जाने तक स्टेडियम में दर्शकों की उपस्थिति वाली खेल प्रतियोगिताओं पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया था।

SCROLL FOR NEXT