मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर की ताकत बढ़ रही है, लेकिन इस बार मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले हफ्ते तक साउथ बंगाल में मौसम सूखा रहेगा। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। महानगर और आसपास के जिलों में सुबह हल्की ओस और कोहरा देखने को मिलेगा, जबकि दिन के समय सूरज की किरणें तेज होंगी। कोलकाता और आसपास के जिलों में तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साउथ 24 परगना और ईस्ट मिदनापुर में 17 से 19 डिग्री सेल्सियस, वहीं वेस्टर्न जिलों जैसे बांकुरा, बीरभूम, पुरुलिया और झारग्राम में 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
रात में हल्की ठंड, धीरे-धीरे बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि रात का तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री कम रहेगा, लेकिन सप्ताह के आखिर तक यह 2-3 डिग्री तक बढ़ सकता है। पश्चिमी तूफान के कारण उत्तर दिशा से हवा बह रही है, जिससे सूरज की किरणें और अधिक तेज होंगी। बुधवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में जलवाष्प की मात्रा और सापेक्षिक आर्द्रता 27 से 82 प्रतिशत के बीच है।
नॉर्थ बंगाल में जारी रहेगा कोहरा
नॉर्थ बंगाल में अगले 2-3 दिनों तक हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में कोहरा थोड़ा अधिक रहेगा। हफ्ते के आखिर तक तापमान में वृद्धि होगी। दार्जिलिंग और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस, कलिम्पोंग के मैदानी इलाकों में 11 से 14 डिग्री सेल्सियस और सिलीगुड़ी व मालदा में 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।