सिलीगुड़ी में राजस्थान की एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में भक्तिनगर थाना पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान फकदईबाड़ी निवासी राणा डे (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार को उसे गिरफ्तार किया। सोमवार को उसे जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजस्थान निवासी शिवानी वर्ष 2023 में काम की तलाश में सिलीगुड़ी आई थी। यहां वह एक पब व बार में फ्लोर आर्टिस्ट के तौर पर काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात राणा डे से हुई और दोनों के बीच संबंध बने। बताया जा रहा है कि दोनों करीब ढाई वर्षों से रिश्ते में थे।
शिवानी के पिता अजीत सिंह ने भक्तिनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर राणा डे को अपनी बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। शिकायत में पिता ने आरोप लगाया कि राणा ने शिवानी से रुपये लिये थे और संबंध खत्म करने की कोशिश करने पर उसे कथित तौर पर परेशान करता था। उन्होंने राणा के भाई पर शिवानी को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, शिवानी 4 अगस्त को राजस्थान स्थित अपने घर गई थी और 28 अगस्त को सिलीगुड़ी लौटी थी। पिता का आरोप है कि सिलीगुड़ी लौटने के बाद राणा ने उसे और अधिक परेशान करना शुरू कर दिया था।
इसके बाद 7 सितंबर को शिवानी एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में गई थी। 8 सितंबर की तड़के वह अपने पीजी लौटी। सुबह करीब 5 बजे उसके दोस्त वहां पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर शिवानी को फंदे से लटका हुआ पाया गया।
घटना के बाद परिवार की ओर से 10 सितंबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की, गवाहों के बयान दर्ज किए तथा शिवानी का मोबाइल फोन और व्हाट्सऐप चैट समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने रविवार को फकदईबाड़ी से राणा डे को गिरफ्तार किया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और शिवानी की मौत की परिस्थितियों समेत मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।