सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राखी के पावन धागे में इस बार बंगाल प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश पिरोएगा। राज्यभर में धूमधाम से रक्षाबंधन उत्सव मनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 25.60 लाख राखियों के साथ गांव से शहर तक उत्सव का रंग नजर आएगा। राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने वाले इस आयोजन पर सरकार करीब 9 करोड़ रुपये खर्च करेगी। राज्य में आज शुक्रवार को धूमधाम से रक्षाबंधन उत्सव मनाया जाएगा। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार है जब बंगाल में इस तरह बड़े स्तर पर रक्षाबंधन उत्सव मनाया जा रहा है। राज्यभर में कुल 25 लाख 60 हजार 500 राखियां वितरित की जाएंगी। केवल राखियों की खरीद और आपूर्ति पर 2 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं। शुक्रवार को नजरुल मंच में राज्यस्तरीय रक्षाबंधन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें लगभग ढाई हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में सीएम शुभेंदु अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
रक्षाबंधन के लिए 8 करोड़ 97 लाख 17 हजार रुपये आवंटित
राज्यभर में रक्षाबंधन उत्सव मनाने के लिए कुल 8 करोड़ 97 लाख 17 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं। इनमें 3,342 ग्राम पंचायतों के लिए सबसे अधिक 3 करोड़ 34 लाख 20 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। रक्षाबंधन समारोह के लिए 22 जिला मुख्यालयों को कुल 22 लाख रुपये दिए जाएंगे। जीटीए और कोलकाता नगर निगम के कार्यक्रमों के लिए 1-1 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। कोलकाता नगर निगम के 144 वार्डों के लिए 28 लाख 80 हजार रुपये, 6 नगर निगमों के लिए 6 लाख रुपये और 121 नगरपालिकाओं के लिए कुल 1 करोड़ 21 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा, 45 सब-डिविजनों को 11 लाख 25 हजार रुपये और 345 ब्लॉकों में रक्षाबंधन उत्सव आयोजित करने के लिए 86 लाख 25 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।