सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

हावड़ा के बंद फ्लैट में दुस्साहसिक चोरी

ताला तोड़कर अलमारी से लाखों का माल पार

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: हावड़ा के नेताजी सुभाष रोड स्थित एक बहुमंजिला आवास में देर रात चोरी की एक बड़ी और दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। चोरों ने एक बंद पड़े फ्लैट को निशाना बनाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह फ्लैट स्वर्गीय प्रणब पाल का है। उनके निधन के बाद से परिवार के अन्य सदस्य कनाडा चले गए थे, जिसके कारण यह फ्लैट काफी समय से बंद था। देर रात दो शातिर बदमाश परिसर में दाखिल हुए और फ्लैट का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण और अन्य मूल्यवान वस्तुएं चोरी कर लीं।

परिचारिका ने दी जानकारी, ​जांच में जुटी पुलिस

सुबह जब घर की परिचारिका (कामवाली) रोजाना की तरह सफाई करने पहुंची, तो फ्लैट का दरवाजा टूटा देख उसके होश उड़ गए। अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। उसने तुरंत इसकी सूचना बैंतरा (Bantra) थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। पुलिस अपार्टमेंट और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की शिनाख्त की जा सके। फिलहाल चोरी गए कुल सामान की कीमत का आकलन किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT