बेंगलुरु : कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर कर्नाटक में रसोई गैस और ईंधन आपूर्ति के कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे राज्य में आजीविका का गंभीर संकट पैदा हो गया है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने संयुक्त बयान में कहा कि पांच लाख से अधिक ऑटो चालक और लाखों छोटे होटल मालिक, विक्रेता तथा डिलीवरी कर्मचारी ईंधन की कमी और कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
बयान में कहा गया कि एलपीजी और ईंधन व्यवस्था के घोर कुप्रबंधन के कारण लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है और स्थिति चिंताजनक हो गई है। नेताओं ने कर्नाटक से जुड़े केंद्रीय मंत्रियों की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऑटो में इस्तेमाल होने वाली गैस की कीमत मार्च में 58-61 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर कुछ ही हफ्तों में 105-120 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जिससे आम लोगों और छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
पार्टी ने कालाबाजारी और चुनावों के बाद कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका भी जताई है।