टॉप न्यूज़

लिंक लिमिटेड की आय में 9.9% वृद्धि, लाभ के मार्जिन में गिरावट आई

दूसरी तिमाही में 155.35 करोड़ रुपये रही कुल आय पीएटी 4.19 करोड़ रुपये दर्ज; कच्चे माल की महंगाई और प्रमोशन खर्च से घटा EBITDA मार्जिन

Krishna Das Parth

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राइटिंग इंस्ट्रूमेंट्स और स्टेशनरी उत्पादों के क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लिंक लिमिटेड (पूर्व में लिंक पेन एंड प्लास्टिक्स लिमिटेड) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित कर दिए हैं। कंपनी ने इस दौरान कुल आय में सालाना आधार पर 9.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। हालांकि, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और बिक्री प्रोत्साहन गतिविधियों पर अधिक खर्च के कारण कंपनी के परिचालन लाभ के मार्जिन में गिरावट आई है। कंपनी के निदेशक मंडल की 5 नवंबर 2026 को हुई बैठक में दूसरी तिमाही के अनऑडिटेड वित्तीय परिणामों को मंजूरी दी गई। कंपनी की कुल आय 15,535 लाख रुपये यानी 155.35 करोड़ रुपये रही। यह वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के मुकाबले 9.9 प्रतिशत और पिछली तिमाही की तुलना में 11.4 प्रतिशत अधिक है। दूसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA यानी ब्याज, टैक्स और मूल्यह्रास से पहले का परिचालन लाभ 1,254 लाख रुपये (12.54 करोड़ रुपये) रहा। EBITDA मार्जिन 8.1 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 12.7 प्रतिशत था। वहीं, ऑपरेटिंग EBITDA 1,131 लाख रुपये और उसका मार्जिन 7.3 प्रतिशत रहा। कंपनी का टैक्स के बाद शुद्ध मुनाफा (PAT) 419 लाख रुपये यानी 4.19 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। PAT मार्जिन 2.7 प्रतिशत और प्रति शेयर आय (EPS) 0.70 रुपये रही।

कच्चे माल की कीमतों से बढ़ा दबाव

कंपनी के प्रबंध निदेशक दीपक जालान ने कहा कि केंद्रित सेल्स प्रमोशन गतिविधियों और राइटिंग इंस्ट्रूमेंट्स से इतर उत्पाद श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन से बिक्री को गति मिली है। हालांकि, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण कुछ कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि हुई। इसके अलावा, बाजार में मांग और हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए प्रमोशन पर खर्च भी बढ़ाया गया। इन दोनों कारणों से ऑपरेटिंग EBITDA मार्जिन में सालाना आधार पर 393 बेसिस पॉइंट की गिरावट आई।

नए उत्पादों से विस्तार की तैयारी

जालान ने बताया कि कंपनी ट्राइटॉनिक ब्रांड के तहत लाइफस्टाइल ड्रिंकवेयर बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। इसके अलावा कोलकाता और मुंबई में स्टैकू एक्सपीरियंस सेंटर के जरिए राइटिंग इंस्ट्रूमेंट्स और स्टेशनरी उत्पादों को नए रिटेल फॉर्मेट में पेश किया जा रहा है। सितंबर 2026 में कंपनी का शुद्ध कर्ज 22.37 करोड़ रुपये रहा। कंपनी की आगे की रणनीति बिक्री की वृद्धि बनाए रखने, नए उत्पादों की पेशकश और रणनीतिक साझेदारियों के जरिए कारोबार का विस्तार करने की है।

SCROLL FOR NEXT