लिलुआ में हटाया गया अवैध निर्माण  
टॉप न्यूज़

लिलुआ में अवैध कब्जे पर चला प्रशासन का बुलडोजर

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के लिलुआ क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बने कथित अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। दोपहर करीब 12:30 बजे भगाड़ के समीप सड़क किनारे स्थित कैलाश मिश्रा के करीबी माने जाने वाले सुरजीत चक्रवर्ती के पार्टी कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि यह निर्माण सरकारी नाले की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया गया था। मिली जानकारी के अनुसार, सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत संबंधित निर्माण को पहले चिह्नित किया गया था।

सुरजीत चक्रवर्ती का पार्टी कार्यालय ध्वस्त

इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत बुलडोजर की मदद से पूरे ढांचे को हटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर लिलुआ थाना पुलिस की बड़ी संख्या में तैनाती रही। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय निवासी भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर मौजूद रहे। कार्रवाई को लेकर इलाके में कुछ समय तक हलचल बनी रही, लेकिन पुलिस और प्रशासन की निगरानी में अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मामले में बाली के विधायक संजय सिंह ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

SCROLL FOR NEXT