कोलकाता : जादवपुर विश्वविद्यालय में हिंसा और विवाद के बीच राज्य के स्कूल शिक्षामंत्री दीपक बर्मन ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को शिक्षकों के लिए आयोजित एक कार्यशाला में उन्होंने विश्वविद्यालय की दीवार पर लिखे ‘फासीवादियों को गोली मारो’ नारे की तीखी आलोचना की।
'हम किसी को गोली नहीं मारना चाहते'
दीपक बर्मन ने कहा, “हम किसी को गोली नहीं मारना चाहते। हम चाहते हैं कि वहां जो ‘एंटी नेशनल’ हैं, वे पहले देश का सम्मान करना सीखें। इससे उनका और देश, दोनों का भला होगा।” उन्होंने कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय में लोकतांत्रिक माहौल बहाल करने के लिए कदम उठाने के दौरान कुछ घटनाएं हो सकती हैं। कॉलेजों की संचालन समितियों में विधायकों, सांसदों और मंत्रियों की मौजूदगी को लेकर उन्होंने कहा कि इससे कॉलेजों में राजनीति का प्रभाव नहीं पड़ेगा। सरकार अपनी निर्धारित प्रक्रिया और परंपरा के अनुसार काम करेगी।
NEP 2020 लागू करने पर जोर
कार्यशाला में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 को पूरी तरह लागू करने पर जोर दिया गया। मंत्री ने बताया कि शिक्षकों के ओरिएंटेशन के लिए जल्द ही NCERT के साथ एमओयू किया जाएगा। राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (NCF) के अनुरूप पाठ्यक्रम, शिक्षण और मूल्यांकन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। NEP के अनुरूप तैयार की गई नई पाठ्यपुस्तकें वर्ष 2028 से लागू करने की योजना है।
9 हजार निजी स्कूलों को चेतावनी
मंत्री ने बताया कि करीब 9 हजार निजी स्कूलों ने अब तक UDISE+ पोर्टल पर जरूरी जानकारी जमा नहीं की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के भीतर डेटा अपलोड नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है और उनकी मान्यता रद्द होने का भी खतरा है। सरकार ने स्कूलों से जल्द से जल्द आवश्यक जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने को कहा है।