मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 17 सितंबर यानी आज से 10 अक्टूबर तक 24 दिवसीय यात्री सेवा अभियान 2026 की घोषणा की है। इस संबंध में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक विक्रम सिंह ने अभियान का रोडमैप साझा किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा, स्वच्छता, सुगमता, डिजिटल सेवाओं, दिव्यांगजन सुविधा, पर्यावरण और शिकायत निवारण जैसी पहलों के जरिए यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाना है।
24 दिनों की विशेष थीम और प्राथमिकताएं
इस अभियान के दौरान हर दिन एक विशेष प्राथमिकता तय की गई है। शुरुआती दिनों में लैंडसाइड स्वच्छता, पार्किंग, सुगम आगमन और आरामदायक बैठने की व्यवस्था पर ध्यान दिया जाएगा। इसके बाद दिव्यांगजन व वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुगम यात्रा, स्पष्ट वेफाइंडिंग, सुचारु बैगेज प्रक्रिया और विनम्र सुरक्षा व्यवस्था शामिल है। अभियान के अगले चरणों में शुद्ध पेयजल, डिजिटल यात्रा, विश्व पर्यटन दिवस पर अतिथि देवो भव तथा महिला-बाल-परिवार अनुकूल सेवाएं दी जाएंगी। सितंबर के अंत से अक्टूबर की शुरुआत तक फीडबैक, स्थानीय संस्कृति का प्रदर्शन, उड़ान समयबद्धता, मौसम तैयारी और स्वच्छ भारत दिवस मनाया जाएगा। अंतिम दिनों में हरित एयरपोर्ट, चिकित्सा तैयारी, कर्मचारी व्यवहार, उड़ान योजना, हितधारक समन्वय और सेवा गुणवत्ता ऑडिट के बाद रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
सेवा भावना और स्थायी संस्कृति का विकास
विक्रम सिंह ने कहा कि यह अभियान यात्रियों को एयरपोर्ट संचालन के केंद्र में रखने का एक बेहतरीन अवसर है। AAI के कॉर्पोरेट संचार विभाग के अनुसार, इसका लक्ष्य हवाई यात्रा को अधिक सुलभ, सुरक्षित और सेवा-उन्मुख बनाना है, जिससे कोलकाता एयरपोर्ट पर सेवा की एक स्थायी संस्कृति स्थापित हो सके।