सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बालीगंज में डिब्बर इंटरनेशनल प्रीस्कूल के नए केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसकी स्थापना तनुज अग्रवाल और अदिति नाहटा अग्रवाल ने की है। इसका उद्घाटन राज्य के वित मंत्री डॉ स्वपन दास गुप्ता के कर कमलों से किया गया। यह प्रीस्कूल बच्चों के समग्र विकास, भावनात्मक सशक्तीकरण और जीवन कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान देगा। तनुज अग्रवाल और अदिति नाहटा अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षाओं की तैयारी तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों को जीवन के लिए तैयार करना चाहिए। यदि कोई बच्चा हमारे विद्यालय से आत्मविश्वासी, दयालु, जिज्ञासु और प्रेम से परिपूर्ण होकर निकलता है, तो यही हमारी सबसे बड़ी सफलता होगी।
प्रीस्कूल का पाठ्यक्रम भाषा, गणित, रचनात्मकता, प्रकृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों को समाहित करता है। इसकी विशेष ‘सीड टू स्पून’ पहल के तहत बच्चों को विद्यालय में उगाई गई उपज, पोषण आधारित भोजन और खाद्य शिक्षा के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, कृतज्ञता और सतत विकास का व्यावहारिक अनुभव कराया जाएगा। बालीगंज परिसर को बाल मनोविज्ञान के सिद्धांतों के अनुरूप विकसित किया गया है, जहां शांत कक्षाएं, प्राकृतिक सामग्री और उद्देश्यपूर्ण शिक्षण वातावरण बच्चों की एकाग्रता, भावनात्मक सुरक्षा और स्वतंत्र सीखने को बढ़ावा देते हैं। उद्घाटन के अवसर पर अभिभावकों और परिवारों के लिए इंटरैक्टिव गतिविधियां, कक्षा भ्रमण और रचनात्मक अनुभवों का भी आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर संदीप अग्रवाल, संजय अग्रवाल, प्रभात रंजन, लगनजीत मोहंती व सचिन समेत कई गन्यमान्य उपस्थित थे।