चट्टान के बड़े-बड़े टुकड़े गिरने से सड़क अवरुद्ध हो गया। 
टॉप न्यूज़

सिक्किम में लैंडस्लाइड का कहर, चुंगथांग में 200 टूरिस्ट फंसे

मंगलवार रात सिक्किम के चुंगथांग-लाचेन मार्ग पर भूस्खलन होने से लाचेन जा रहे पर्यटक बीच रास्ते में ही फंस गए।

Narendra Kumar Singh

गंगटोकः उत्तरी सिक्किम में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन के बाद चुंगथांग में लगभग 200 पर्यटक फंस गए हैं। मंगन के जिलाधिकारी अनंत जैन ने बताया कि मंगलवार रात चुंगथांग-लाचेन मार्ग पर भूस्खलन होने से लाचेन जा रहे पर्यटक बीच रास्ते में ही फंस गए। उन्होंने बताया कि इन यात्रियों को रात भर चुंगथांग में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक शिविर और एक गुरुद्वारे में ठहराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सड़क को साफ करने के काम में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्थिति की समीक्षा करेंगे और मौसम अनुकूल होने के साथ-साथ मार्गों के सुरक्षित होने पर ही आगे की यात्रा की अनुमति दी जाएगी। इस बीच, कुछ पर्यटकों ने अपनी यात्रा योजना रद्द कर दी है और वे गंगटोक लौट आए। अधिकारियों ने बताया कि इसबीच लाचुंग जाने वाला मार्ग भी साफ कर दिया गया, जिसे वहां फंसे पर्यटकों को बुधवार सुबह सुरक्षित गंगटोक वापस भेज दिया गया। यह मार्ग मंगलवार रात अवरुद्ध हो गया था। क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वर्ष 2023 में हिमनद झील फटने (जीएलओएफ) से आई बाढ़ में लाचेन मार्ग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे मरम्मत के बाद नौ मार्च को फिर से खोला गया था। इसके अलावा, पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बर्फबारी के कारण त्सोमगो झील और नाथुला भी पर्यटकों के लिए बंद हैं।

SCROLL FOR NEXT