सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

हावड़ा में जमीन मालिक पर हमला, 2 गिरफ्तार

प्रमोटर पर 16 लाख रुपये मांगने और धमकी देने का है आरोप

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित फजीर बाजार इलाके में जमीन मालिक और प्रमोटर के बीच विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 16 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर प्रमोटर पक्ष ने जमीन मालिक मोहम्मद रफी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रफी को हावड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से हावड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। मिली जानकारी के अनुसार, रफी ने करीब ढाई कट्ठा जमीन बहुमंजिली इमारत बनाने के लिए कुछ प्रमोटरों को दी थी। साझेदारी के तहत चार मंजिली इमारत का निर्माण हुआ था। समझौते के मुताबिक, इमारत का 60 प्रतिशत हिस्सा प्रमोटर पक्ष और 40 प्रतिशत हिस्सा जमीन मालिक को मिलना था।

दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

रफी के बेटे रेहान खान का आरोप है कि उन्हें दिए गए फ्लैट का काम अभी पूरा नहीं किया गया है। इसके बावजूद प्रमोटर पक्ष की ओर से 16 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। रुपये नहीं देने पर हत्या की धमकी दी जा रही थी और इस धमकी के बाद रफी पर हमला भी किया गया। रेहान ने प्रमोटर शहजादा खान समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत की है। वहीं, शहजादा खान के बेटे ने आरोप लगाया कि जमीन मालिक को समझौते से अधिक 40 प्रतिशत हिस्सा दिया गया है और इसी वजह से रकम की मांग की गई। शहजादा खान से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत की है। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने इस घटना में शहजादा खान के बेटे सोहैल खान और उसके परिचित अरबाज खान को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

SCROLL FOR NEXT