294 विधानसभा क्षेत्रों में जलेंगे 70 लाख से अधिक दीये
2 रुपये प्रति दीये की दर से होगी खरीदारी
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के कार्यकाल के जश्न के तहत आगामी 17 सितंबर से 'सेवा संकल्प अभियान' का आगाज होने जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्य कार्यक्रम 'आशीर्वाद का दीपक' के लिए शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को पश्चिम बंग शिक्षा पोर्टल के माध्यम से विधानसभा क्षेत्रवार विद्यार्थियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान के तहत राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 70 लाख से अधिक दीपक जलाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए प्रति दीया 2 रुपये का बजट तय किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षकों द्वारा यह संकलित सूची संबंधित विधायकों को सौंपी जा रही है ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।
स्कूल-कॉलेजों में आयोजित होंगी अनूठी प्रतियोगिताएं
यह महा अभियान सिर्फ दीये जलाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके अंतर्गत हाई स्कूल से लेकर कॉलेज स्तर तक कई तरह की अनूठी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। स्कूलों में 'स्वप्न का भारत' विषय पर निबंध, भाषण और चित्रांकन जैसी गतिविधियां होंगी, जबकि 'नमो सेवा नाटक' के जरिए 'विकसित भारत' और प्रधानमंत्री के सेवा-कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के तहत बंगाल और उत्तर प्रदेश के युवाओं का आदान-प्रदान और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण की योजना है। खेल विभाग द्वारा 'सेवा ज्योति यात्रा' और 'सेवा सेतु अभियान' चलाए जाएंगे, साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे आईआईटी खड़गपुर और आईआईएम कोलकाता द्वारा 'राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज' आयोजित करने का प्रस्ताव भी शामिल है।