पूर्व सांसद कोयल मल्लिक 
टॉप न्यूज़

क्या कोयल भी सुखेंदु-सुष्मिता-प्रकाश की राह पर हैं?

Paresnjitt

राज्यसभा उपचुनाव की तारीख से सियासी अटकलें तेज, तृणमूल ने साधी चुप्पी

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

दुर्गापूजा की तैयारियों के बीच पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक और हाईवोल्टेज मुकाबले की जमीन तैयार हो गई है। अभिनेत्री एवं पूर्व तृणमूल राज्यसभा सांसद कोयल (रुक्मिणी) मल्लिक के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर 16 अक्टूबर को उपचुनाव होगा। संयोग से मतदान महाषष्ठी के दिन होगा। चुनाव कार्यक्रम सामने आते ही कोयल की अगली राजनीतिक पारी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

कोयल ने 16 जुलाई को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उनका कार्यकाल अप्रैल 2032 तक था। अब चर्चा है कि क्या वह पूर्व टीएमसी सांसद (वर्तमान में भाजपा सांसद) सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाइक की तरह तृणमूल छोड़कर भाजपा के साथ नई राजनीतिक पारी शुरू कर सकती हैं। हालांकि, कोयल के भाजपा में शामिल होने या राज्यसभा चुनाव लड़ने को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कालीघाट की ममता तृणमूल कांग्रेस भी फिलहाल इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है। पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, ‘‘अभी कोयल को लेकर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। यह पूरी तरह उनका व्यक्तिगत निर्णय है।’’ उन्होंने कहा कि कोयल के फिल्मी योगदान को देखते हुए ही ममता बनर्जी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था।

विधानसभा में मौजूदा संख्या के लिहाज से यह सीट भाजपा के खाते में जाने की स्थिति बनती है। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर हैं कि भाजपा उम्मीदवार कौन होगा और क्या कोयल इस दौड़ में शामिल होंगी।

SCROLL FOR NEXT