टॉप न्यूज़

‘हर घर तिरंगा’ से पटीं कोलकाता की सड़कें, सीएम शुभेंदु ने संभाली कमान

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : केंद्र के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में पहली बार पश्चिम बंगाल सरकार आधिकारिक रूप से शामिल हुई। स्वतंत्रता दिवस से पहले सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा’ रैली को हरी झंडी दिखाई। कोलकाता के राजपथ पर सीएम ने तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। इस अभियान के तहत, राज्य सरकार 15 अगस्त से पहले पूरे राज्य में 70 लाख राष्ट्रीय ध्वज वितरित करेगी। इस दिन शहर के गोपाल पाल सरणी से पदयात्रा शुरू होकर विक्टोरिया मेमोरियल तक पहुंची। सीएम ने तिरंगा लेकर रैली का नेतृत्व किया। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘इस अभियान का उद्देश्य राज्य भर के लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर और सेल्फी लेकर स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करना है। सीएम शुभेंदु अधिकारी के साथ मंत्री दिलीप घोष, अर्जुन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, दीपक बर्मन, विधायक रत्ना देवनाथ, रुद्रनील घोष और कौस्तव बागची और अन्य कई विधायक भी शामिल हुए। हजारों लोगों की मौजूदगी से शहर की सड़कें तिरंगे के रंग में रंग गईं।

अब सरकारी स्तर पर मनेगा राखी बंधन

यात्रा समाप्त होने के बाद सीएम ने घोषणा की कि इस वर्ष से पश्चिम बंगाल सरकार की पहल पर सरकारी स्तर पर ‘राखी बंधन’ उत्सव मनाया जाएगा। इस फैसले की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि राखी के धार्मिक महत्व का सम्मान करने के साथ-साथ आपसी सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के बंधन को मजबूत करना इसका मुख्य उद्देश्य है। राखी उत्सव के माध्यम से राज्य के लोगों को एकजुट कर पश्चिम बंगाल का ‘नवनिर्माण’ करने और राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लिया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT