सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शिवालयों को काफी सुंदर रूप में सजाया गया है। इस विशेष पर्व पर मंदिरों को आकर्षक रोशनी, फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गुंज उठा। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भू कैलाश शिव मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने दूध, जल, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलकामना की प्रार्थना की। आस्था का आलम यह रहा कि दूर-दराज़ क्षेत्रों से भी लोग यहां दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
जलाभिषेक और बेलपत्र अर्पित कर भक्तों ने मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
मंदिर में पूजा करने पहुंचीं महिला श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्होंने भोले बाबा से अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की है। उनका अटूट विश्वास है कि भगवान शिव सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य सुनते हैं।
एक महिला श्रद्धालु ने भावुक होकर कहा, भोले बाबा सबका पार लगाते हैं। हम अपने परिवार के कल्याण और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना करने आए हैं। बाबा सबका मंगल करेंगे।
इसी क्रम में एक युवती ने बताया कि वह हर वर्ष महाशिवरात्रि का पूजा करती हैं। भगवान शिव से मेरी प्रार्थना है कि मेरे माता-पिता स्वस्थ और प्रसन्न रहें तथा परिवार में सदैव खुशहाली बनी रहे।